उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में किसान बिल के विरोध में शनिवार को कलेक्ट्रेट पर उत्तर प्रदेश किसान सभा और खेत मजदूर यूनियन सहित विभिन्न किसान संगठनों ने विरोध कर धरना प्रदर्शन किया। किसानों के विरोध को देखते हुए एहतियातन कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा-व्यवस्था की गई थी।
इस दौरान उत्तर प्रदेश किसान सभा के महासचिव रामकुमार भारती ने कहा कि जब तक सरकार कृषि कानून को वापस नहीं लेती, हमारा संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लागू किए गए कृषि कानून से नर सिर्फ किसानों के लिए समस्या आएगी बल्कि मध्यमवर्गीय और निचले वर्ग को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जो कानून लाए गए हैं, उससे महंगाई बढ़ेगी और जमाखोरी भी बढ़ेगी ऐसे में हम सभी कानून का पुरजोर विरोध करते हैं। इस दौरान उन्होंने मांगों के बाबत ज्ञापन सिटी को सौंपा। धरना प्रदर्शन में अर्चना उपाध्याय, बसंत कुमार ,वीरेंद्र कुमार सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।