राहुल गांधी ने कहा कि यूक्रेन में देश के हजारों युवा फंसे हैं और वहां हमला हो रहा है। छात्र वीडियो बना कर कहते हैं कि हमें बचाइए। यहां भाजपा के लोग कहते हैं कि इन लोगों को यहां पर दाखिला नहीं मिला तो इसलिए वहां डाक्टरी करने गए। पूछता हूं कि क्या वे भारत के नागरिक नहीं हैं? क्या उन सभी की रक्षा का दायित्व आपका नहीं है।
राहुल ने कहा कि बचपन में मगरमच्छ पकड़ने की बात करने वाले काशी की गंगा में ढंग से तैर भी नहीं पाते हैं। सपा और बसपा पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा कि सपा के बारे में तो मुझसे बेहतर आप जानते हैं। बसपा तो भाजपा की बी टीम है। इस दौरान छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, पूर्व विधायक अजय राय, प्रमोद कृष्णन, राघवेंद्र चौबे, शैलेंद्र सिंह, नृपेंद्र नारायण सिंह, पूनम कुंडू, इमरान खान, विश्वविजय सिंह, प्रजानाथ शर्मा, राजीव कुमार, श्री प्रकाश सिंह, मुन्ना राजभर, राम स्नेही पांडेय, सुरेंद्र सिंह समेत कई कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
आपने नेताओं को जवाबदेह नहीं बनाया- प्रियंका गांधी वाड्रा
वाराणसी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विकास के लिए सोच-समझ कर मतदान करें। प्रियंका ने पिंडरा की जनता से शिकायत करते हुए कहा कि आपने नेताओं में बुरी आदत डाल दी है। पांच साल में आपने उनको जवाबदेह नहीं बनाया है। धर्म और जाति के आधार पर वोट मांगने वालों को पहचानने की जरूरत है। आपकी समस्याओं का हल निकलना चाहिए। नेता का सबसे बड़ा धर्म सेवा है। जो आपके सामने सच्चाई पेश करता हो उसका साथ दें। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस ने जो वादा किया था वह सरकार बनने के 10 घंटे बाद ही पूरा कर दिया।
प्रियंका और राहुल पैदल ही पहुंचे बाबा दरबार
वाराणसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी पैदल ही बाबा दरबार पहुंचे। गोदौलिया चौराहे से पैदल चलते हुए विश्वनाथ धाम तक की दूरी तय की और जनता का अभिवादन भी किया। स्थानीय पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता प्रियंका और राहुल के साथ-साथ नारे लगाते चल रहे थे। मंदिर में राहुल और प्रियंका गांधी ने विधिवत बाबा के दर्शन पूजन किए। इस दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी उनके साथ मौजूद रहे। मंदिर से बाहर निकलने के बाद वहां मौजूद जन समुदाय ने उनका हर हर महादेव के जयघोष से अभिनंदन किया।