आईआईटी बीएचयू के कोर्ट पर जिलास्तरीय टेनिस मैच खेला गया।
- फोटो : अमर उजाला
जिला स्तरीय टेनिस मैच के उत्कर्ष विजेता
आईआईटी बीएचयू के टेनिस कोर्ट पर जिला स्तरीय टेनिस मैच खेला गया। इसमें आठ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उत्कर्ष ने प्रत्युष को 6-4 स्कोर से हराया। वहीं, आयुष और अनुराग के बीच हुए दूसरे मैच में आयुष ने 7-5 से जीत हासिल की। फाइनल के विजेता उत्कर्ष रहे। ये जानकारी कोच ब्रिज भूषण यादव ने दी।
अंकिता यादव ने जीता गोल्ड मेडल
68वीं प्रदेशीय विद्यालयीय भारत्तोलन प्रतियोगिता प्रयागराज में हुई। इसमें सीएमजी इंटर कॉलेज लोढ़ान वाराणसी की छात्रा अंकिता यादव ने गोल्ड मेडल प्राप्त कर नेशनल के लिए क्वालिफाई किया। प्रधानाचार्य अजीत उपाध्याय ने अंकिता को बधाई दी। पूर्व जनपद क्रीड़ा सचिव विनोद कुमार सिंह एवं पूर्व जनपद क्रीड़ा सचिव डॉ. जितेंद्र कुमार ने भी खुशी व्यक्त की है।
विवेक सिंह क्रिकेट क्लब ने 111 रनों से जीता मैच
बाबू तैलंग मेमोरियल सीनियर जिला क्रिकेट लीग बुधवार को हरहुआ में हुआ। इसमें ओलंपियन विवेक सिंह क्रिकेट क्लब ने बनारस क्रिकेट क्लब को 111 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओलंपियन विवेक सिंह क्रिकेट क्लब ने 35 ओवर में आठ विकेट खोकर 220 रन बनाए। वहीं, बनारस क्रिकेट क्लब 109 रन पर ही ऑलआउट हो गई। शानदार शतकीय प्रदर्शन के लिए ओम प्रकाश वर्मा को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
गोल्ड मेडलिस्ट अंशिका-शिवानी का सम्मान
अयोध्या में हुई 68वीं मंडलीय विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता में सुभद्रा कुमार इंटर कॉलेज बसनी की दो छात्राएं अंशिका पाल और शिवानी पटेल ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। अंशिका और शिवानी ने वाराणसी मंडल की ओर से खेलते हुए खो-खो प्रतियोगिता में अयोध्या मंडल की टीम को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। बुधवार को दोनों छात्राओं के विद्यालय पहुचंने पर उनका सम्मान किया गया।
छात्राओं का स्वागत काॅलेज के प्रबंधक सतीश सिंह व प्रधानाचार्य नीरज कुमार ने फूलों का हार पहनाकर किया। इस दौरान खेल शिक्षक बबलू यादव, शैलेंद्र नारायण सिंह और अखिलेश सिंह ने छात्राओं को बधाई दी।
हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष बने अमित पांडेय
उतर प्रदेश हैंडबॉल संघ के महासचिव डॉ. आनंदेश्वर पांडेय ने वाराणसी हैंडबॉल संघ का अध्यक्ष अमित पांडेय को मनोनीत किया है। वहीं, कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी प्रखर शुक्ला को दी है। अमित पांडेय इससे पहले भी अध्यक्ष पद संभाल चुके हैं। ये जानकारी हैंडबॉल संघ सचिव शम्स तबरेज ने दी।
मऊ को जगतपुर ने 22 रनों से हराया
स्वर्गीय जगदीश उपाध्याय और रानी उपाध्याय स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को जगतपुर क्रिकेट अकादमी बनाम एसकेसीए मऊ के बीच मैच खेला गया। टॉस जीतकर जगतपुर क्रिकेट अकादमी ने पहले बल्लेबाजी की। टीम 19.2 ओवर में 131 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जिसमें प्रशांत के 28 और रूद्र के 17 रन सर्वाधिक रहे।
गेंदबाजी में मऊ की ओर से सुजात और अभिषेक ने दो-दो विकेट लिए। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी मऊ की टीम 109 रन पर ही ऑल आउट हो गई। मऊ की ओर से आदर्श ने 10 और जितेंद्र ने 15 रन बनाए। जगतपुर के सनी, रूद्र और ईशान ने बेहतरीन गेंदबाजी कर दो-दो विकेट लिए। जगतपुर क्रिकेट अकादमी ने 22 रनों से ये मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड राई स्पोर्ट्स की ओर से जगतपुर के प्रशांत को दिया गया।
कंपोजिट विद्यालय भटौली में छात्राओं को दी जा रही कराटे की ट्रेनिंग।
- फोटो : अमर उजाला
परिषदीय स्कूल की एक लाख छात्राएं सीख रहीं जूडो कराटे
वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना के तहत 1143 परिषदीय स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक की एक लाख बालिकाओं को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी जा रही है। यह ट्रेनिंग उन्हें एक महीने तक दी जाएगी। इसके बाद वहां की सीनियर छात्राएं अपने जूनियर छात्राओं को इसकी ट्रेनिंग देंगी।
विभाग ने बालिकाओं के प्रशिक्षण के लिए 250 मास्टर प्रशिक्षकों की तैनाती की है, जो कक्षा एक से पांच तक की 70 हजार और कक्षा छह से आठ तक की 30 हजार बालिकाओं को रोजाना एक घंटे की ट्रेनिंग दे रहे हैं। साथ ही कक्षा एक से पांच तक की बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बारे में भी बता रहे हैं।
बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि बालिकाओं में आत्मविश्वास पैदा करने के उद्देश्य से शासन ने रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना शुरू की है। विद्यालयों में ट्रेनिंग शुरू हो गई है। विपरीत परिस्थितियों में मुकाबला करने के लिए मार्शल आर्ट के साथ जूडो-कराटे और ताइक्वांडो की ट्रेनिंग भी दी जा रही है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रादेशिक हॉकी प्रतियोगिता झांसी के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेली गई। इसमें वाराणसी मंडल की पुरुष टीम ने बुधवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए आजमगढ़ मंडल को 7-0 से और मेरठ मंडल को 6-1 से हराया। पहले ही क्वार्टर में मोनू राजभर ने लगातार दो गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। दूसरे क्वार्टर में अभिषेक यादव ने 3 गोल किया।
तीसरे क्वार्टर में रवि राजभर दो गोल कर वाराणसी का स्कोर 5-0 कर दिया। तीसरा क्वार्टर समाप्त होने से एक मिनट पहले मेरठ की टीम ने एक गोल कर हार का अंतर कम किया। चौथे क्वार्टर में वाराणसी मंडल टीम के गुरुदत्त ने गोलकर स्कोर 6-1 कर दिया। गोल करने में आजमगढ़ भी रही नाकाम: खेल के पहले क्वार्टर के तीसरे मिनट में अभिषेक ने गोल कर वाराणसी को 1-0 की बढ़त दिलाई।
पांच मिनट बाद चंद्रेकश ने गोल किया। खेल के दूसरे क्वार्टर में खेल शुरू होते ही शारिक ने गोल किया। इसके 10 मिनट बाद नीरज ने गोल किया। हाफ टाइम तक यही स्कोर रहा। हाफ टाइम के बाद तीसरे क्वार्टर में अभिषेक यादव और रवि ने गोल किया। अंतिम क्वार्टर में नीरज ने गोल स्कोर 7-0 कर दिया।
टाटा अकादमी ने वाराणसी को 6-1 से दी मात
शिवाजी स्पोर्ट्स स्टेडियम में 15 से 25 अक्तूबर तक आयोजित 54वीं ऑल इंडिया नेहरू हॉकी प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में बुधवार को टाटा एकेडमी ओडिशा ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही विकास इंटर कॉलेज की टीम को 6-1 से हरा दिया।
इस हार के बाद विकास इंटर काॅलेज की टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गई। इस मैच में टाटा की टीम नियमित अंतराल पर गोल करती रही। वहीं, वाराणसी की तरफ से तीसरे क्वार्टर में एकमात्र गोल मोहित यादव ने किया। टीम के कोच अकरम महमूद और मैनेजर इदरीस अहमद थे।