एक बाइक दो सवार, हेलमेट है उनकी पहचान..., वाहन धीरे चलाएं, अपना और अपनों का जीवन बचाएं..., धीरे चलें, सुरक्षित चलें... आदि नारों के साथ हाथों में पोस्टर लिए छोटे-छोटे बच्चों ने लोगों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। मौका था बुधवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत निकाली गई प्रभातफेरी का। इसमें स्कूली छात्र-छात्राओं ने गाड़ी चलाने के दौरान हेलमेट पहनने और ट्रैफिक लाइटों का पालन करने की सीख दी।
प्राथमिक विद्यालय भिटारी के बच्चों ने यातायात जागरूकता रैली निकाली। प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद बच्चों ने गांव में घूमकर लोगों को आपका भविष्य आपके हाथ, हेलमेट सदा रखे साथ आदि स्लोगनों से लोगों को जागरूक किया गया। कंपोजिट विद्यालय केसरीपुर में सड़क सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत बीईओ प्रदीप मिश्रा ने की। वहीं चोलापुर ब्लॉक के स्कूलों की ओर से बीईओ मंगरू राम की नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। हरहुआ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर में बच्चों ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत प्रभातफेरी निकालकर लोगों को जागरूक किया। आराजीलाइन ब्लॉक में खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा के अंतर्गत निबंध, स्लोगन, चित्रकला व कविता की प्रतियोगिता कराई गई।
यातायात नियमों का पालन जरूरी
राजकीय क्वींस इंटर कालेज में बुधवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें यातायात विभाग के एआरटीओ मिथिलेश कुमार सिंह ने कहा कि हम लोगों के घरों के नाबालिग बच्चे धड़ल्ले से अपनी बाइक, स्कूटी एवं अन्य वाहन लेक र सड़कों पर निकल जाते हैं। इसके रोकथाम की शुरुआत हमें अपने घर से करनी होगी। डीआईओएस डॉ. विनोद कुमार राय ने कहा कि दुर्घटनाओं से बचाने के लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है।