बीएचयू में नए सत्र में स्नातक में दाखिले के लिए आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों के पास अब केवल चार दिन का ही मौका है। अभ्यर्थी 22 मई तक नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की वेबसाइट से माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पीजी में दाखिला लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी जल्द ही आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी।
विश्वविद्यालय में हर साल वाराणसी समेत देश के विभिन्न इलाकों से यूजी, पीजी मिलाकर करीब पांच लाख आवेदन आते हैं। इसमें आधे से अधिक संख्या यूजी के अभ्यर्थियों की होती है। इस बार कामन यूनिवर्सिटी इंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) के तहत बीएचयू में प्रवेश प्रक्रिया कराने का निर्णय लिया गया है। पहले चरण में छह अप्रैल से छह मई तक आवेदन की तिथि निर्धारित की गई, इसके बाद तिथि बढ़ाकर 22 मई तक कर दी गई है। एनटीए की वेबसाइट पर आवेदन से जुड़ी विस्तृत जानकारी के साथ ही अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी बनाया गया है। अब अभ्यर्थियों के पास स्नातक में दाखिले के लिए चार दिन यानी 19 से 22 मई तक का समय बचा है।