अस्पताल में आने वाले मरीजों का आरोप है कि व्यवस्था पहले से और भी अधिक खराब हो गई है। डॉक्टर को दिखाने में मात्र 30 मिनट और दवा लेने में 3 घंटे लग रहे हैं। नया आदेश लागू तो हो गया लेकिन व्यवस्थाएं पुराने ढर्रे पर ही चल रही हैं। मरीजों की बढ़ती भीड़ के बीच अस्पताल के स्टाफ काफी लापरवाही से काम कर रहे हैं।
केस एक
हुकुलगंज के रहने वाले सत्यनारायण सुबह 10:15 बजे दांत की समस्या लेकर अस्पताल आए। 11 बजे तक वह डॉक्टर से चेकअप कराकर दवा लेने के लिए आए। दोपहर 12:30 बजे तक भी उन्हें दवा नहीं मिली। तब तक वह लाइन में लगे हुए थे।
केस दो
चंदौली के रामगढ़ के रहने वाले लालजी कान की समस्या लेकर सुबह 10:30 बजे अस्पताल में आए। 11 बजे तक डॉक्टर ने जांच करके दवा लिख दी। 12:30 बजे तक लगातार इंतजार करने के बाद भी वह लाइन में लगे रहे।
क्या बोले अधिकारी
अस्पताल में सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। फिलहाल स्टाफ की कमी है। 4 फार्मासिस्ट की नियुक्ति के लिए कानपुर मुख्यालय पत्र भेजा गया है। उनकी नियुक्ति होने के बाद फार्मेसी में तीन काउंटर और बढ़ाए जाएंगे। -प्रभास रॉय, एमएस, ईएसआईसी अस्पताल