खाद्यान्न घोटाले के मामले में आरोपी एडीओ पंचायत को ईओडब्ल्यू ने बलिया से गिरफ्तार किया है। 2006 में उसके खिलाफ खाद्यान्न घोटाला समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज है।
बलिया के 18 साल पुराने खाद्यान्न घोटाले में आरोपी एडीओ पंचायत को ईओडब्ल्यू वाराणसी की टीम ने बुधवार को मनियर ब्लॉक गेट से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अरुण कुमार सिंह निवासी बलिया सिकंदरपुर थाने क्षेत्र के खटंगी गांव के रूप में हुई है।
विज्ञापन
ईओडब्ल्यू वाराणसी के निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि अरुण कुमार सिंह मनियर ब्लॉक में तैनात है। 2006 में उसके खिलाफ खाद्यान्न घोटाला समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज है। उस समय वह नवागनर ब्लॉक में ग्राम पंचायत अधिकारी था।
विवेचना के दौरान एडीओ पंचायत की संलिप्तता सामने आई। हेड कांस्टेबल विनीत पांडेय, सरफराज अंसारी और अरविंद सरोज ने आरोपी को गिरफ्तार किया। इस मामले में कुल सात आरोपी थे। छह के खिलाफ आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया जा चुका है।