मेहमानों का स्वागत करेंगे उद्यमी, बनवाएंगे स्वागत द्वार
आईआईए कार्यकारिणी बैठक में फैसला, घरों व प्रतिष्ठानों को सजाएंगे
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। शहर के उद्यमी जी-20 देशों से आने वाले मेहमानों का भव्य स्वागत करेंगे। इसका खाका बुधवार को इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की कार्यकारिणी की बैठक में तैयार किया गया। तय किया गया कि जगह-जगह स्वागत द्वार बनवाए जाएंगे। साथ ही मेहमानों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई जाएंगी। उद्यमी अपना घर और प्रतिष्ठान भी सजाएंगे।
मलदहिया स्थित एसोसिएशन कार्यालय पर बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने की और कहा कि विश्व के 20 देशों के प्रतिनिधियों की छह बैठकें अप्रैल से अगस्त के बीच काशी में प्रस्तावित हैं। जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर अतिथियों के स्वागत को अविस्मरणीय बनाया जाएगा। इन बैठकों ने काशी के पर्यटन व उद्योगों को बड़ा फायदा मिलेगा। जिन मार्गों से जी-20 के अतिथियों का आवागमन होना है, वहां जगह-जगह स्वागत द्वार बनवाए जाएंगे। साथ ही होर्डिंग लगाकर काशी के एतिहासिक, धार्मिक, पौराणिक और धार्मिक महत्व को दर्शाया जाएगा। आईआईए टूरिज्म कमेटी के राष्ट्रीय चेयरमैन राहुल मेहता ने कहा कि बैठकें पयर्टन विकास के लिए उपयोगी हैं।आईआईए के राष्ट्रीय सचिव राजेश भाटिया ने जल संरक्षण के लिए कारखानों व निवास पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने का मंत्र दिया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष नीरज पारीक, दीपक बजाज, अनुपम देवा, प्रशांत अग्रवाल, यूआर सिंह, उमाशंकर अग्रवाल, श्रीनारायण खेमका आदि मौजूद रहे।