काशी हिंदू विश्वविद्यालय में स्नातक में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षाएं 15 जुलाई से शुरू होंगी। सत्र 2022-23 के लिए प्रवेश परीक्षाओं का छात्र लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। बृहस्पतिवार सुबह कुलसचिव प्रो. एके सिंह ने ट्वीट कर तिथियों की जानकारी दी।
ट्वीट में लिखा है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के माध्यम से स्नातक कक्षाओं में प्रवेश परीक्षाएं 15 जुलाई से शुरू हो जाएंगी। यह सिलसिला 10 अगस्त तक चलेगा। जुलाई में 15,16, 19 और 20 तथा अगस्त में 4,5,6,7,8 एवं 10 को अलग-अलग विषयों की परीक्षाएं होंगी। विषयवार प्रवेश परीक्षा की तारीखों की जानकारी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की वेबसाइट http://nta.ac.in पर अपलोड की जा चुकी है। बता दें कि कोरोना संक्रमण काल के दौरान पूरे देश के केंद्रीय विश्वविद्यालयों की प्रवेश परीक्षा एक साथ कराई जा रही है।