बिजली चोरी रोको अभियान के तहत बिजली निगम की विजिलेंस टीम ने गुरुवार सुबह सात बजे रामनगर के मझरहट्टा और रामपुर क्षेत्र में छापा मारा। कटिया मारकर बिजली चोरी करते 16 लोग पकड़े गए।
एसडीओ रामनगर ने बताया कि सभी के खिलाफ भेलूपुर के बिजली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। बताया कि क्षेत्र में ओवरलोडिंग की वजह से बार-बार तार टूटने और ट्रांसफॉर्मर जलने की शिकायत मिल रही थी। बताया कि बिजली निगम की ओर से ओवरलोडिंग का सामना कर रहे फीडर से संबंधित क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जाएगा।
मीटर बाइपास कर जला रहे थे बिजली एमआरआई एनालिसिस से हुआ खुलासा
बिजली चोरी रोकने के लिए बिजली निगम की ओर से को मच्छोदरी, सोनिया और पितरकुंडा क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया। मीटर एनालिसिस में खुलासा हुआ की उपभोक्ता मीटर बाइपास कर बिजली जला रहे थे। अधिकारियों ने नगरीय विद्युत वितरण मंडल प्रथम व द्वितीय पांच संदिग्ध उपभोक्ताओं के परिसर की जांच की गई।
इसमें पोल से फेस और न्यूट्रल को काट कर मीटर के आउटपुट में कटआउट लगा कर मीटर चालू बंद किया जा रहा था। मीटर बंद होने पर भी उपभोक्ता की सप्लाई चालू थी। इसपर उपभोक्ता रोशन जहां, राजेश गुप्ता, संदीप कुमार, रेयाज अहमद और जैनब बीबी के खिलाफ बिजली निगम के भेलूपुर थाने में धारा 135 के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई।