बलिया में आजादी के बाद नौरंगा गांव में पहली बार बिजली पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी तो है, लेकिन अब भी नौरंगा और चक्की भगवानपुर में बिजली के खंभे ही नहीं लगाए गए हैं। जबकि गांव में सौभाग्य योजना के तहत विद्युतीकरण कराया गया था। आधे गांव में बिजली पहुंचना और आधे गांव में खंभे ही नहीं होने की बात पूछे जाने पर विभाग के अधिकारी जहां जवाब देने से कतरा रहे वहीं जनप्रतिनिधि में चुप हैं।
लगभग 20 हजार की आबादी वाले नौरंगा ग्राम पंचायत में वर्ष 2018 में लगी सोलर लाइट से लोगों के घरों में उजाला हो रहा है। दो दिन पूर्व इस ग्राम पंचायत में बिजली विभाग की ओर से एक बड़ा ट्रांसफार्मर लगाया गया। ग्राम सभा के दो राजस्व गांव उदई छपरा और भुवाल छपरा में इससे बिजली भी पहुंच गई। वहीं राजस्व ग्राम नौरंगा और चक्की भगवानपुर में अब तक खंभे ही नहीं लगे हैं।
नौरंगा में आंशिक स्थान पर कुछ खंभे लगाए गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हमें छला जा रहा है। नौरंगा के प्रधान सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि दो वर्ष पहले ग्राम पंचायत नौरंगा के उदई छपरा, भुवाल छपरा में खंभे लगा दिए गए लेकिन नौरंगा में आंशिक रूप से खंभे लगे हैं। ऐसे में नौरंगा और चक्की भगवानपुर में एक सप्ताह में बिजली की सप्लाई शुरू होनी नामुमकिन है।
सपा हो या भाजपा की सरकार हमें छला जा रहा है। धनु ठाकुर ने कहा कि चक्की भगवानपुर में खंभे नहीं लगे हैं। इन दोनों राजस्व गांवों की आबादी भी अधिक है। इस बारे में बिजली विभाग से पूछताछ की गई तो किस प्रोजेक्ट से और कितने में गांव में विद्युतीकरण किया गया और कितना भुगतान हुआ इस बारे में विभाग के अधिकारी कुछ कहने से बचते रहे। ये जरूर कहा कि जहां खंभे नहीं लगाए गए हैं, वहां टेंडर कर लगा दिए जाएंगे। स्थानीय विधायक भी इस पर गोलमोल जवाब देते नजर आए।
प्रयास करके नौरंगा ग्राम पंचायत में विद्युत सेवा शुरू करा दी गई है। पूरे गांव में बिजली आ गई है। फिर भी जहां विद्युत खंभे नहीं लगे हैं। वहां लगाकर एक सप्ताह के अंदर बिजली सप्लाई शुरू करा दी जाएगी। सुरेंद्र सिंह, विधायक, बैरिया
विधायक सुरेंद्र सिंह की पहल पर बिहार सरकार से समझौता कर नौरंगा ग्राम पंचायत में बिजली सेवा शुरू करा दी गई है। अगर किसी पुरवे में खंभे नही लगे हैं तो जल्द लगाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया होती है। कितनी लागत से विद्युतीकरण हुआ है इसकी जानकारी अभी नहीं है। - एके गौतम, अधिशासी अभियंता बिजली खंड चार