अब 65 साल से ऊपर के बुजुर्ग इस बार की मुकद्दस हज यात्रा पर नहीं जा सकेंगे। सऊदी सरकार ने संक्रमण समाप्ति के बाद शुरू हुई हज यात्रा पर यह पाबंदी लगाई है। वहीं, जो जायरीन जाएंगे उन्हें कोरोना की दोनों डोज का प्रमाणपत्र भी देना होगा। इस साल हज यात्रा पर जाने के लिए आवेदन करने की तारीख 22 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है।
सेंट्रल हज कमेटी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सऊदी सरकार के लिए गए निर्णय के अनुसार संक्रमण खत्म होने पर इस साल जायरीन हज यात्रा पर जा सकेेंगे। लेकिन जायरीन में जो 65 साल से अधिक के हैं उन पर पाबंदी रहेगी। वह हज यात्रा पर नहीं जा सकेंगे। अगर उन्होंने आवेदन किया भी तो वह निरस्त हो जाएगा। इस साल हज यात्रा पर जाने वालों के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख बढ़ा कर 22 अप्रैल कर दी गई है। आवेदन ऑनलाइन किए जा सकेंगे।
मास्टर हज ट्रेनर अदनान खान ने बताया कि सेंट्रल हज कमेटी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि इस बार 65 साल से ऊपर के बुजुर्ग हज यात्रा नहीं कर सकेंगे। बताया कि जिन लोगों ने किन्हीं वजहों से पिछली तारीखों में अपना ऑनलाइन आवेदन जमा नहीं किया था वह इस बार 22 अप्रैल तक फार्म भर सकते हैं। आवेदनकर्ता की उम्र 30 अप्रैल 2022 को 65 साल या 65 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। जाने वालों को सऊदी सरकार द्वारा एप्रूव्ड वैक्सीन की दोनों डोज लगी होनी चाहिए। बताया कि अभी तक वाराणसी से 170 लोगों ने आवेदन कर रखा है।
मालूम हो कि दो साल तक कोरोना संक्रमण के चलते हज यात्रा पर पाबंदी लगी रही। पाबंदी के बाद इस साल हज यात्रा की शुरुआत हो रही है।