सुन्नी जमीअतुल ओलमा बनारस के काजी-ए-शहर मौलाना जमील अहमद के नेतृत्व में शान-ओ-शौकत से अंजुमनों ने जुलूस निकाला। जुलूस भेलूपुर, गौरीगंज, शिवाला, मैदागिन, कबीरचौरा होते हुए वापस रेवड़ी तालाब मैदान पहुंचा। यहां उलेमाओं की तकरीर हुई।
मौलाना हसीन अहमद हबीबी, ऑल इंडिया काजी बोर्ड मुंबई के सदर सैयद कौसर रब्बानी और कछौछा शरीफ अंबेडकर नगर के सज्जादानशीन की अगुवाई में जुलूस सुन्नी जमीअतुल ओलमा बनारस के पीछे चल रहा था। बेनियाबाग मैदान में मौलाना नोमान रजा, मुफ्ती अंजुम रजा हक्कानी ने नबी की शान में तकरीर की।
दिखी गंगा-जमुनी तहजीब
जुलूस जब विश्वनाथ मंदिर के चार नंबर गेट के पास गुजरा तो वहां गंगा-जमुनी तहजीब देखने को मिली। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए भक्तों की कतार लगी थी और हर हर महादेव... के जयघोष गूंज रहे थे, वहीं नबी की शान में तराने गूंज रहे थे।
छह अंजुमनें हुईं पुरस्कृत
मरकजी यौमुन्नबी कमेटी की ओर से ईद मिलादुन्नबी पर गुरुवार की पूरी रात नातिया कलाम मुकाबले हुए। इसके विजेताओं को शुक्रवार को पुरस्कृत किया गया। अंजुमन फारुकीया, बरकाते रसूल, गुलामे गौसे पाक, रजाए मुस्तफा, मोजाहिद्दीन-ए-रसूल और सुन्नते रसूल को बेहतरीन नातिया कलाम पेश करने पर पुरस्कृत किया गया।
नबी की शान में महफिलें
शिया जामा मस्जिदों में भी जुमे की नमाज के बाद उलमा ने नूरानी तकरीर पेश की। हजरत मोहम्मद और इमाम जाफर सादिक की जिंदगी पर रोशनी डाली। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी सैयद फरमान हैदर ने बताया कि महफिलों का सिलसिला 13 तक चलेगा।