शादी पर गए डॉक्टर, पांच दिनों से अल्ट्रासाउंड कक्ष पर ताला
विज्ञापन
-जिला अस्पताल की व्यवस्था बदहाल... 50 से ज्यादा लोग हर दिन बिना जांच लौट रहे, वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में पिछले पांच दिनों से मरीजों का अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहा है। जांच कक्ष में ताला लटका देख लोग वापस चले जा रहे हैं। अस्पताल के कर्मचारियों से पूछने पर पता चला कि डॉक्टर के घर पर शादी है। वह पिछले सप्ताह से ही अवकाश पर हैं। सोमवार को भी जांच मरीजों को लौटना पड़ा। जांच कब से शुरू होगी, इसकी जानकारी भी नहीं मिल सकी। जिला अस्पताल में शहरी और ग्रामीण इलाकों से हर दिन 1200 से अधिक मरीज आते हैं। इन दिनों अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। एक तो अस्पताल में कोई रेडियोलॉजिस्ट नहीं हैं। दूसरे अस्पताल के डॉक्टर को जांच करने का प्रशिक्षण दिलवाया गया है तो भी उसका लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। लिहाजा डॉक्टर के जांच लिखने के बाद भी मरीजों को बिना जांच लौटना पड़ रहा है। इसके पीछे अल्ट्रासाउंड करने वाले डॉक्टर के छुट्टी पर जाना और जांच के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था न होना ही मुख्य वजह है। सोमवार को जांच करवाने पहुंचे करीब 50 से अधिक मरीजों को बिना जांच लौटना पड़ा।
- घर में शादी की वजह से जांच करने वाले डॉक्टर पिछले सप्ताह से अवकाश पर हैं। इस वजह से जांच नहीं हो पा रही है। बुधवार से जांच शुरू हो जाएगी। -डॉ. दिग्विजय सिंह, सीएमएस, दीनदयाल अस्पताल