Varanasi News: हास्य अभिनेता राकेश बेदी वाराणसी पहुंचे हैं। विश्वनाथ धाम में दर्शन कर उन्होंने वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में उन्होंने बताया कि 35,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ान के दौरान एयर इंडिया के क्रू मेंबर्स ने उन्हें एक पत्र दिया।
धुरंधर फिल्म में जमील जमाली की भूमिका निभाकर बॉलीवुड में कमबैक करने वाले हास्य अभिनेता राकेश बेदी वाराणसी पहुंचे हैं। उन्होंने विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कर सोशल मीडिया पर अपना वीडियो भी पोस्ट किया। रिक्शा से होते हुए वह विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और अपना ब्लॉगिंग वीडियो भी बनाया। राकेश बेदी खुलेआम अकेले ही मंदिर में दर्शन करने पहुंचे और उनका चेहरा भी ढंका नहीं था। इस दौरान उन्होंने कहा कि जीवन में कभी-कभी पंगे लेने पड़ते हैं।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि यह उनकी पहली रिक्शा यात्रा थी और बहुत भीड़ थी। 10 मिनट की एडवेंचर भरी यात्रा के बाद विश्वनाथ मंदिर पहुंचना काफी सुखद अनुभव रहा। इससे पहले बाबतपुर एयरपोर्ट पर उन्होंने एयर इंडिया के क्रू की तारीफ की।
वीडियो में उन्होंने बताया कि 35,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ान के दौरान एयर इंडिया के क्रू मेंबर्स ने उन्हें एक पत्र दिया। इसमें लिखा था कि वे वर्षों से उन्हें स्क्रीन पर देखते आ रहे हैं और उनकी कॉमेडी और अभिनय से प्रेरित होते हैं। राकेश बेदी ने क्रू मेंबर के साथ फोटो खिंचवाकर उन्हें गले भी लगाया।