बलिया। उप्र चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ एवं चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं शाखा की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय परिसर में बृहस्पतिवार को धरना दिया। वक्ताओं ने अपनी समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की।
उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक की ओर से कर्मचारी को प्रताड़ित किया जा रहा है। कर्मचारी से अनैतिक एवं नियम विरुद्ध किए गए क्रियाकलापों की जांच कराई जाए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जयंत कुमार से एक प्रतिनिधिमंडल ने मिलकर अपनी समस्याएं बताईं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि मांग पर ठोस निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान कर्मचारियों ने चेताया कि यदि 11 सितंबर तक कोई उचित कार्यवाही नहीं की जाएगी तो फिर 12 सितंबर को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय का तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में देव प्रकाश सिंह, विनोद मिश्रा, सुशील त्रिपाठी, एनएच दूबे, आरके सिंह, राजेश रावत, रविंद्र पाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।