वाराणसी। जिले में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को पहड़िया और रामनगर में एक-एक मरीज मिले हैं। इसके बाद अब कुल मरीजों का आंकड़ा 141 पहुंच गया है। उधर 1527 घरों में कराए गए सर्वे में एक घर में लार्र्वा मिलने पर नोटिस भी दी गई।
डेंगू पर नियंत्रण के लिए उद्देश्य से जहां शहरी, ग्रामीण इलाकों में लार्वा नष्ट करने का अभियान चलाया जा रहा है, वहीं शिविर लगाकर भी लोगों की जांच की जा रही है। जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय ने बताया कि पहड़िया स्थित सीआरपीएफ कैंपस में 41 वर्षीय पुरुष और रामनगर में 58 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इसके अलावा डेंगू और वायरल के कुल 80 मरीजों का इलाज चल रहा है। इसमें बीएचयू में नौ, मंडलीय अस्पताल में सात शामिल हैं। उधर कोरोना संक्रमण की बात करें तो सोमवार को मिले 3776 सैंपल की रिपोर्ट में कोई मरीज नहीं मिला।
000
केंद्रों पर 24565 लोगों ने लगवाया टीका
शहरी और ग्रामीण इलाकों में सोमवार को कुल 24565 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें अर्दली बाजार एलटी कॉलेज परिसर और सिगरा स्टेडियम में लगे मेगा केंद्र पर 433 लोगों का टीकाकरण हुआ। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बातया कि 18 से 44 वर्ष के 23127 और 45 वर्ष से ऊपर के 1438 ने टीका लगवाया। मंगलवार को कुल 145 केन्द्रों पर टीका लगाया जाएगा। अपनी सुविधानुसार किसी भी केंद्र पर लोग आन लाइन एवं आन स्पॉट (उपस्थित होकर) टीकाकरण करा सकते हैं।