संविदा सफाई कर्मी के आवेदकों ने दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल और मंडलीय अस्पताल में एक्सरे जांच रिपोर्ट के नाम पर पैसा मांगने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर गुरुवार को दीनदयाल में सीएमएस डॉ. एसके उपाध्याय का घेराव किया। उधर, मंडलीय अस्पताल के सामने प्रदर्शन के दौरान पहुंची पुलिस से आवेदको ने शिकायत की।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में 300 संविदा सफाई कर्मियों की भर्ती होनी है। नियमानुसार सभी का मेडिकल होना है, जिसमें एक्सरे जांच जरूरी है। इसके लिए दोनों अस्पतालों में भी हर दिन भीड़ लग रही है। गुरुवार को दीनदयाल अस्पताल में एक्सरे केंद्र पर जांच रिपोर्ट के नाम पर पैसा मांगने पर आवेदक गुस्सा हो गए। सीएमएस का घेराव कर बताया कि सुबह से लाइन में लगने बावजूद रिपोर्ट नहीं मिली। उधर सीएमएस ने आरोप को गलत बताया। कहा कि भीड़ होने और जांच में देरी को लेकर युवा आरोप लगा रहे हैं। रेडियोलॉजिस्ट को बुलाकर रिपोर्ट देने को कहा गया।