हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी के खिलाफ चौक थाने में रजिस्टर्ड पत्र भेज कर शिकायत की है। विष्णु गुप्ता का आरोप है कि ज्ञानवापी में मिले शिवलिंग को अपवित्र किया गया। हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत की गईं। इसलिए मसाजिद कमेटी के सभी लोगों के खिलाफ पुलिस दंडात्मक कार्रवाई करे।
ज्ञानवापी में हिंदू देवी-देवताओं के प्रतीक व चिन्ह सुरक्षित करने की मांग
सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में विश्व हिंदू महासमिति के अध्यक्ष अभिषेक शर्मा की तरफ से वाद दाखिल कर ज्ञानवापी में हिन्दू देवी देवताओं के चिन्हों और प्रतीकों व अभिलेखों की सुरक्षा की मांग की गई है। यह वाद अधिवक्ता शिवकुमार सिंह व सत्यप्रकाश सिंह आदि ने दाखिल की है। अदालत ने इस वाद पर सुनवाई के लिए 11 जुलाई की तिथि नियत की है।
अपर सत्र न्यायाधीश 16वां शिखा श्रीवास्तव की अदालत ने ज्ञानवापी सर्वे के दौरान विरोध प्रदर्शन में जेल भेजे गए आरोपी मो अब्दुल सलाम की जमानत अर्जी मंजूर कर ली। आरोपी के अधिवक्ता अजय गेठा के मुताबिक सात मई को अदालत के आदेश पर कोर्ट कमिश्नर और उनकी टीम ज्ञानवापी और श्रृंगार गौरी की कमीशन कार्यवाही में गए थे।
वहां पर एक वर्ग के लोगों ने विरोध किया था, इसमें एक आरोपी लल्लापुरा सिगरा निवासी मो अब्दुल सलाम को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके खिलाफ चौक थाने में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया था। मंगलवार को उसकी जमानत अर्जी मंजूर हो गई।