यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव जयशंकर दुबे शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। निरीक्षण के दौरान विशेष सचिव को कई खामियां देखने को मिलीं। जगतपुर इंटर कॉलेज में पुलिसकर्मियों के पास परीक्षा का लॉगबुक अपडेट नहीं पाया गया। ड्यूटी पर तैनात एक कर्मचारी के पास मोबाइल भी रखा मिला। इस पर नाराज विशेष सचिव ने किसी तरह की लापरवाही न करने और सजगता बरतने का निर्देश केंद्राध्यक्ष को दिया।
विशेष सचिव ने राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज इंग्लिशिया लाइन, निवेदिता शिक्षा सदन कन्या इंटर कॉलेज, बीटीएस कमच्छा, जगतपुर इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। क्वींस इंटर कॉलेज में बने कंट्रोल रूम से केंद्रों पर चल रही परीक्षा की लाइव निगरानी की गई। इसके बाद क्वींस कॉलेज में परीक्षा के बाद जमा होने वाली कॉपियों की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। मौके पर मौजूद संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉक्टर प्रदीप कुमार और जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर विनोद कुमार राय को पहले की अपेक्षा ज्यादा सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
पेपर लीक की घटना के बाद बढ़ी सतर्कता
जिले में 131 केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा चल रही है। 30 मार्च को बलिया में अंग्रेजी का पेपर लीक होने के बाद शासन प्रशासन के साथ शिक्षा विभाग ज्यादा सतर्कता बरत रहा है। विशेष सचिव ने इस दौरान परीक्षा व्यवस्था में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। कहा कि कंट्रोल रूम से केंद्रों की नियमित निगरानी करने के साथ ही कमरों में दो कक्ष निरीक्षकों की तैनाती जरूरी है।