सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड तथा स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया। बताया जा रहा है कि शव काफी पुराना होने के कारण पूरी तरह सड़-गल चुका था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसके आधार पर पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के इलाकों में गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है, ताकि मृतक की शिनाख्त हो सके।
थाना प्रभारी अखिलेश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव की पहचान न हो पाने से मामला रहस्य बना हुआ है। पुलिस जल्द ही मृतक की पहचान कर घटना के कारणों का खुलासा करने की बात कह रही है।