सोनभद्र में एनटीपीसी सिंगरौली के वरिष्ठ प्रबंधक का शव सोमवार की सुबह आवास में फंदे से लटकता मिला। पुलिस खुदकुशी मानकर मामले की जांच कर रही है। घटना की वजह का पता नहीं चल सका। वह वाराणसी के वरुणापार स्थित विंध्यवासिनी नगर के रहने वाले थे।
एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना के मानव संसाधन विभाग में वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात कुमार बरनवाल (50) आवास संख्या सी 73 विद्युत विहार कालोनी में रहते थे। रोज की तरह रविवार की रात वह खाना खाकर कमरे में सोने चले गए। परिजन बगल के कमरे में सो रहे थे। सुबह पत्नी उठी तो देखा ड्राइंग रूम में पंखे से दुपट्टे के सहारे उनका शव लटक रहा था। पत्नी की चीख सुनकर परिजन आ गए।
जानकारी होने पर आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव उतरवाकर परिजनों की सहमति से परियोजना के संजीवनी चिकित्सालय में रखवा दिया। शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।