डीसीपी वरुणा जोन आरती सिंह ने शुक्रवार को जैतपुरा थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार करें। किसी के साथ भी बेरुखी से पेश न आएं। इसके पूर्व उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, बैरक, भोजनालय, कार्यालय के रजिस्टरों और शस्त्रागार आदि का जायजा लिया। थाना परिसर में साफ-सफाई को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
डीसीपी वरुणा आरती सिंह ने कहा कि लंबित विवेचनाओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो। महिला हेल्प डेस्क की महिला सिपाहियों को निर्देशित किया कि पीड़ित महिलाओं की समस्याओं का समुचित समाधान हो। घटना के संबंध में पीड़ित महिलाओं से फीडबैक भी लें। थाना प्रभारी सहित सभी बीट के उपनिरीक्षक, पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि बकरीद और सावन माह को लेकर अपने-अपने क्षेत्रों के धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजनों संग लगातार संवाद करें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की भी निगरानी करें। यदि कोई अफवाह फैलाता है या फैलाने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।