मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा कि विश्वनाथ मंदिर प्रशासन अब रोजाना देश भर से आने वाले श्रद्धालुओं का डाटा तैयार करेगा। यात्रियों का डाटा तैयार करने के लिए ऑटोमेटिक मशीनें लगाई जाएंगी। इसका आर्डर दे दिया गया है और सप्ताह भर के अंदर यह मशीनें मंदिर परिसर में लग जाएंगी।
मंदिर परिसर के लिए चारों द्वार से मिल रहा प्रवेश
पूरा काशी विश्वनाथ धाम देखने के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा। शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ का सरस्वती फाटक खुल गया। ज्ञानवापी के बाद सरस्वती फाटक से श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया गया। बाबा के धाम के निर्माण के कारण तीन सालों से सरस्वती फाटक बंद चल रहा था।
शनिवार दिन में 11:30 बजे से सरस्वती फाटक का द्वार खुलने से मानमंदिर, त्रिपुर भैरवी और मीरघाट के व्यापारियों ने खुशी जाहिर की है। भक्तों ने बताया कि गंगा घाट से मंदिर जाने में आसानी हो रही है। पांच मिनट में भक्त आसानी से मंदिर पहुंच रहे हैं। श्री काशी विश्वनाथ धाम में मंगला आरती के बाद से रात तक सड़क पर भक्तों की कतार लगी रही। मंदिर के मुख्य परिसर में चारों दरवाजों से भक्तों को प्रवेश दिया जा रहा था।
मंदिर प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार बिना मास्क के प्रवेश मंदिर में नहीं मिलेगा और सामाजिक दूरी का पालन करना अनिवार्य होगा। लिहाजा आस्थावान दशाश्वमेध से त्रिपुरभैरवी गली से होते हुए बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर रहे हैं। भक्तों को मंदिर चौक तक जाने की छूट मिल रही है।