बैठक में मोबाइल पर बात करने पर मेयर ने नाराजगी जताई। जीएम जलकल विजय कुमार मौर्य और उद्यान अधीक्षक केएस पांडेय को बैठक से बाहर किया। मेयर ने कहा कि फोन पर बात करनी हो तो बाहर बात करके आए।
प्रभारी सचिव जलकल बोले... सॉरी
पार्षद रीता ने पानी की टंकी साफ करने के बाबत जवाब मांगा था। जिस पर सचिव जलकल ओपी सिंह ने जवाब दिया था। जिससे वह संतुष्ट नहीं थीं। इस पर पार्षद बबलू शाह ने हंगामा किया। इसके बाद प्रभारी सचिव ने कहा कि यदि जवाब से संतुष्ट नहीं हैं तो इसके लिए सॉरी। दोबारा जवाब दिया जाएगा। रामघाट पर बंद अस्पताल की जमीन पर होटल खोलने पर आपत्ति
रामघाट पर बंद अस्पताल की जमीन को श्रीवारी केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड को लीज पर देने पर सपा पार्षद हारुन अंसारी ने आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि यहां पर होटल खोला जाना है। हाईकोर्ट का आदेश है कि गंगा से 200 मीटर दायरे में कोई निर्माण नहीं हो सकता है। घाट की संस्कृति और स्वरूप को बदला नहीं जा सकता है। ऐसी स्थिति में नगर निगम की ओर से बनाई गई शर्त में यह लिखना कि लीज लेने वाले मानचित्र वीडीए से स्वीकृत कराएं यह विधि सम्मत नहीं है। मेयर ने आदेश दिया कि इस शर्त को हटाया जाए।
पार्षद श्याम आसरे मौर्य ने दो शोक प्रस्ताव पढ़े। उन्होंने पंडित हरिराम द्विवेदी और ब्लॉक प्रमुख लालजी सिंह के निधन पर शोक प्रस्ताव पढ़कर सदन स्थगित करने को कहा। इस पर दो मिनट का मौन रखने के बाद सदन स्थगित हुई।
सदन के प्रमुख बिंदु
- आगामी 50 साल को ध्यान में रखकर नवविस्तारित क्षेत्रों में सीवर, पेयजल और एसटीपी बनेंगे
- घाट पर अतिक्रमण, विनियमन, नियंत्रण एवं शुल्क वसूली का बाइलाज तैयार
- मोबाइल टॉवर स्थापना नियंत्रण एवं विनियमन बाइलाज तैयार
- काम न करने वाले अधिकारियों को वापस शासन को भेजा जाए
- अलाव के लिए 50 किलो प्रति प्वाइंट लकड़ी गिराएं
- अधिकारियों को अनुमन्य वाहन और कर्मचारी की जांच होगी, अधिक लोग हटेंगे
- वीडीए से नगर निगम की जमीन के एक्सचेंज मामले की जांच कर कार्रवाई करें
- उद्योगों को बढ़ाने के लिए आदमपुर जोनल कार्यालय में यूनिटी मॉल तैयार होगा
- दो माह के भीतर सभी भवनों पर जीपीएस से लैस क्यूआर कोड लगेंगे
- सिकमी और वरासत से जुड़े नियम कार्यकारिणी में चर्चा के बाद तय होंगे
- 1.97 करोड़ रुपये से 5129 हेरिटेल पोल सहित 2745 लाइटें लगेंगी
- नगर निगम में सस्पेंड लेखपाल नियुक्त नहीं होंगे
- शासन से आने वाले पत्र दबाने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
- स्वच्छता सर्वेक्षण की समीक्षा होगी
- सोनभद्र तालाब का मुख्य द्वार बनेगा