फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कल काशी आएंगे परमपावन दलाई लामा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई एलर्ट

Thu, 28 Dec 2017 04:40 PM IST
ब्यूरो,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
दलाईलामा
विज्ञापन
देश की सांस्कृतिक राजधानी काशी में शुक्रवार को परमपावन दलाई लामा आएंगे। जेड प्लस कैटेगरी सुरक्षा प्राप्त धर्मगुरु दलाई लामा आगमन के मद्देनजर शासन स्तर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई एलर्ट जारी किया गया है। 
विज्ञापन


सारनाथ स्थित केंद्रीय तिब्बती शिक्षा संस्थान के अंतरराष्ट्रीय सेमिनार और स्वर्ण जयंती समारोह में अध्यात्म, दर्शन और विज्ञान का संगम होगा। 30 दिसंबर से एक जनवरी तक चलने वाले कार्यक्रम में 20 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने की संभावना है।

तिब्बती धर्मगुरु परमपावन दलाई लामा के पांच दिवसीय प्रवास के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। संस्थान के कुलपति प्रो. नवांग समतेन ने सेमिनार के लिए बनाए जा रहे 50 फुट ऊंचे पंडाल का निरीक्षण किया।
विज्ञापन


संस्थान के कुलसचिव आरके उपाध्याय ने बताया कि परमपावन 29 दिसंबर की शाम तक यहां पहुंच जाएंगे। 30 और 31 दिसंबर को संस्थान में होने वाले अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में हिस्सा लेंगे। दलाई लामा एक जनवरी को यूनिवर्सिटी के 50 साल पूरे होने पर स्वर्ण जयंती समारोह का शुभारंभ करेंगे।

कुलपति नवांग समतेन के आवास में ही उनके रहने की व्यवस्था की गई है। इस दौरान अमेरिका, इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया, कंबोडिया, श्रीलंका, म्यांमार, भूटान, तिब्बत समेत विभिन्न देशों से बौद्ध दार्शनिक, वैज्ञानिक और अनुयायी सारनाथ पहुंचेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, संस्कृति मंत्रालय के सचिव राघवेंद्र सिंह, यूजीसी की संयुक्त सचिव अर्चना ठाकुर के भी आने की संभावना है।

सुरक्षा में तैनात रहेगा आतंकवाद निरोधक दस्ता 

जेड प्लस कैटेगरी सुरक्षा प्राप्त धर्मगुरु दलाई लामा की सुरक्षा के लिए आतंकवाद निरोधक दस्ता तैनात रहेगा। कार्यक्रम में शामिल होने वालों पर रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ), आईबी और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट की निगाहें होंगी।

धर्मगुरु के आगमन के मद्देनजर शासन स्तर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई एलर्ट जारी किया गया है। इस बीच सुरक्षा के लिए दलाई लामा की एडवांस सिक्योरिटी टीम यहां आ चुकी है। सुरक्षा एजेंसी ने कुलपति आवास और उनके गेस्ट हाउस को अपनी निगरानी में ले लिया है।

धर्मगुरु के स्पेशल कुक उनके साथ ही आएंगे। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बौद्ध धर्मगुरु की आंतरिक सुरक्षा उनके साथ रहने वाले जवान संभालेंगे।

वहीं, वाह्य सुरक्षा घेरे में दो डिप्टी एसपी, चार थानेदार, 42 सब इंस्पेक्टर, 100 कांस्टेबल और दो कंपनी पीएसी और फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात रहेगी। बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वयॉड कार्यक्रम स्थल की रोजाना सुबह-शाम तलाशी लेगा और सीसीटीवी कैमरों के साथ ही ड्रोन कैमरे से मॉनीटरिंग की जाएगी।

इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाया जाएगा। धर्मगुरु के कार्यक्रम में आने वाले चीन के नागरिकों पर खुफिया एजेंसियों की निगाहें रहेंगी। 2012 में बोध गया में कालचक्र पूजा के दौरान एक चीनी नागरिक ने दलाई लामा के करीब आने का प्रयास किया था। 
विज्ञापन

खुदी सड़क और उड़ती धूल से गुजरेंगे प्रतिनिधि

सारनाथ में मुख्य मार्ग पर भूमिगत केबिल का चल रहा कार्य - फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय तिब्बती संस्थान के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने आ रहे परमपावन और 20 देशों के प्रतिनिधियों का स्वागत खुदी हुई सड़क और उड़ती धूल से होगा।

आरटीओ कार्यालय से लेकर हवेलिया तिराहे तक पूरी सड़क की खुदाई कर सीवर पाइप लाइन और बिजली के तार डालने का काम हो रहा है। इसके चलते संस्थान के सामने की दोनों तरफ की सड़क खोदकर छोड़ दी गई है।

इसे लेकर संस्थान के अधिकारी भी चिंतित हैं। कुलसचिव ने बताया कि पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान काफी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। खस्ताहाल सड़कों पर लोगों को परेशानी होगी। इस बारे में प्रबंध के लिए जिला प्रशासन को पत्र लिखा गया है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें