तीन दिन पूर्व पुलिस महानिरीक्षक के. सत्य नारायणा ने सारनाथ स्थित साइबर थाने का निरीक्षण किया था। लापरवाही बरतने के मामले में प्रभारी निरीक्षक राहुल शुक्ला को निलंबित कर दिया।
वाराणसी के सारनाथ स्थित साइबर क्राइम थाने के प्रभारी निरीक्षक राहुल शुक्ला को रविवार को पुलिस महानिरीक्षक ने निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई लापरवाही बरतने के मामले में की गई है। दरअसल तीन दिन पूर्व पुलिस महानिरीक्षक के. सत्य नारायणा ने सारनाथ स्थित साइबर थाने का निरीक्षण किया था।
विज्ञापन
उन्होंने प्रभारी निरीक्षक को निर्देशित किया था कि एक लाख या उससे अधिक साइबर फ्रॉड के मामलों में अभियोग पंजीकृत करने के साथ जांच कर कार्रवाई की जाए। शनिवार को विवेक पुरम कॉलोनी निवासी नेहा सिंह ने पुलिस महानिरीक्षक से शिकायत की थी कि उनके खाते से 3,99,995 रुपये का फ्रॉड किया गया।
16 फरवरी को प्रभारी निरीक्षक साइबर थाने में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन मुकदमा नहीं दर्ज किया गया। पीड़िता की शिकायत को संज्ञान लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक ने थाना प्रभारी निरीक्षक को निलंबित कर दिया। साथ ही पीड़ित महिला के मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने के आदेश जारी किया।
थाना प्रभारी पर पहले भी लग चुके हैं लापरवाही के आरोप
सारनाथ स्थित साइबर क्राइम थाने के प्रभारी निरीक्षक राहुल शुक्ला पर लापरवाही बरतने का आरोप पहले भी लग चुका है। उच्चाधिकारियों ने कई बार चेतावनी भी दी थी। आखिरकार पुलिस महानिरीक्षक ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया।