वाराणसी जिले में बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने के उद्देश्य से अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से माइक्रोप्लान बनाया गया है। इसके तहत विशेष अभियान चलाकर टीका लगाया जाएगा। आज से स्कूल चलो अभियान के शुरू होने के साथ ही टीकाकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इसमें विशेषकर 12 से 14 साल के बच्चों को टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसके लिए टीम का गठन भी किया जा चुका है। जिले में 12 से 14 साल के कुल 1.55 लाख बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। 16 मार्च से शुरू टीकाकरण में अब तक 15 दिन में केवल 3598 बच्चों को ही टीका लगाया जा चुका है।
अब जबकि चार अप्रैल यानी सोमवार से स्कूल चलो अभियान की शुरुआत भी हो रही है। शहरी और ग्रामीण इलाकों में अधिकांश विद्यालयों में नए सत्र की पढ़ाई भी शुरू हो गई है। अधिक से अधिक बच्चों को टीके के रूप में सुरक्षा कवच दिया जा सके, इसके लिए विद्यालयों में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचकर टीका लगाएगी।
इस बारे में सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि विद्यालयवार टीकाकरण का माइक्रो प्लान बनाया जा चुका है। आशा, एएनएम आदि के सहयोग से 12 से 14 साल के बच्चों को टीका लगाया जाएगा। विद्यालयों की ओर से भी बच्चों को टीका लगाने की सूची बनाई गई है।