बीएचयू कुलपति के नाम पर ऑनलाइन ठगी की कोशिश
- फोटो : सोशल मीडिया।
वाराणसी में साइबर फ्रॉड के रोज नए-नए मामले आ रहे हैं। डीएम और कमिश्नर के बाद अब साइबर फ्रॉड के खिलाड़ियों ने बीएचयू कुलपति के नाम पर खेल कर दिया। बीएचयू कुलपति प्रो सुधीर जैन के नाम से ऑनलाइन ठगी की कोशिश की गई। इस संबंध में बीएचयू के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से जानकारी साझा करते हुए लोगों से संतर्क रहने की अपील की है।
फर्जी नंबर के वॉट्सऐप पर कुलपति की तस्वीर लगाकर बीएचयू के शिक्षकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन खरीदारी के लिए संदेश भेजे जा रहे हैं। शुक्रवार सुबह ऐसा संदेश मिलने के बाद कई लोगों ने बिना किसी शक के जवाब भी दिया। हालांकि जल्द ही इस फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया। जिसके बाद बीएचयू के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर जानकारी साझा की गई।
लिखा गया कि ऑनलाइन खरीदारी करने के लिए एक अज्ञात नंबर से कुलपति प्रो सुधीर के जैन के नाम से बीएचयू संकाय सदस्यों और कर्मचारियों को फर्जी संदेश भेजे जा रहे हैं। यह एक जाल है। कृपया सतर्क और जागरूक रहें।