वाराणसी। मैदागिन-गोदौलिया मार्ग को नो व्हीकल जोन घोषित करने को लेकर व्यापार मंडल के सदस्यों ने सोमवार को पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्या बताई और कई सुझाव भी दिए। पुलिस कमिश्नर ने व्यापारियों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल महामंत्री राजकुमार शर्मा ने कहा कि नो व्हीकल जोन के कारण दुकानों पर ना ग्राहक आ रहे ना ही माल आ पा रहा है। इससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। कहा कि इस मार्ग पर पूर्व की भांति दो पहिया वाहन, मालवाहक वाहन का आवागमन शुरू होना चाहिए। समस्या से निजात के लिए प्रतिबंधित क्षेत्रों में सीमित संख्या में अलग रंग के ई-रिक्शा चलाने का भी सुझाव दिया गया। इसके साथ ही नो व्हीकल जोन के बजाय अतिक्रमण हटाने का सुझाव दिया। दो घंटे तक चली बैठक के बाद पुलिस कमिश्नर ने व्यापारियों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रेम मिश्र, मदन मोहन अग्रवाल, रविशंकर सिंह, रवि सराफ, राजेश सोनी, गौरीशंकर नेवर, राजन बहल, पवन मोदी, प्रदीप गुप्ता, गोकुल शर्मा, अशोक जायसवाल, केशरीनन्दन उपाध्याय, अंजनी मिश्र आदि व्यापारी शामिल रहे।