कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भयंकर भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
Varanasi News: छठ पर्व के लिए दिल्ली, सूरत, मुंबई से आने वाली ट्रेनें यात्रियों से खचाखच भरी हैं। रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म से लेकर सर्कुलेटिंग एरिया तक भीड़ दिख रही है। कैंट स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। शनिवार दोपहर स्टेशन के प्लेटफार्मों पर लगाए गए चार एस्केलेटर बंद रहे। दूरदराज से आने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जैसे तैसे लोग सीढि़यों से ही सामान लेकर चढ़े।
कैंट रेलवे स्टेशन पर रोज 80 हजार यात्री आते हैं। पिछले पांच दिन से संख्या सवा लाख के पार पहुंच गई है। हर कोई परिवार के साथ छठ मनाने आ रहा है। भीड़ का आलम यह है कि पटना, रांची, बलिया, गाजीपुर, गोरखपुर जाने वाली गाड़ियों के जनरल, स्लीपर कोच ठसाठस भरे हैं। वैसे रेल प्रशासन की ओर से सर्कुलेटिंग एरिया में होल्डिंग एरिया, प्लेटफार्मों पर अतिरिक्त आरपीएफ, कर्मचारी को निगरानी में लगाया गया है।
एस्केलेटर का लाभ यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है। शनिवार दोपहर 12.30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 3,5, 9 और कैंटोंमेंट की ओर से उतरने के लिए लगे दो एस्केलेटर में एक ही चलता मिला। जो भी ट्रेन आई, उससे उतरने के बाद लोगों को जैसे-तैसे भारी बैग, अन्य सामान लेकर सीढि़यों से जाना पड़ा।