वाराणसी के फूलपुर थाने के लॉकअप में बंद अपराधी मंगलवार की सुबह शौच के बहाने पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फरार अपराधी के खिलाफ कपसेठी, बड़ागांव समेत अनेक थानों में आधा दर्जन छिनैती, चोरी व लूट के मुकदमे दर्ज थे। सीओ पिंडरा अभिषेक पांडेय व इंस्पेक्टर मुन्ना राम ने पुलिस टीम उसकी तलाश में लगा दी गई।
सोमवार को कठिराव चौकी इंचार्ज प्रद्युमभनमणि त्रिपाठी गश्त पर थे। तभी लूट मामलों में फरार अपराधी ढोढईपुर निवासी सचिन सिंह उर्फ सोनी नथईपुर नहर के पास पुलिया पर किसी का इंतजार कर रहा था। सिपाहियों के साथ चौकी इंचार्ज ने पूछताछ और तलाशी की। उसके पास से 315 बोर का कट्टा और एक कारतूस मिला। पुलिस ने उसे लॉकअप में बंद कर दिया।
मंगलवार की सुबह शौच करने की बात कही तो एक होमगार्ड सड़क पार ले गया। आरोपी सरसों के खेत में छिपते हुए भाग गया। होमगार्ड ने थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी। जानकारी के अनुसार अपराधी के साथ दो होमगार्ड की ड्यूटी थी, लेकिन एक होमगार्ड ड्यूटी का समय खत्म होने की बात कह कर घर चला गया। होमगार्डों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की कार्यवाही चल रही है। सीओ पिंडरा ने बताया कि लापरवाही करने वाले होमगार्डोँ के खिलाफ रिपोर्ट भेजी जा रही है। जिसपर जल्द कार्रवाई की जाएगी।