वाराणसी के एक गांव से सनसनखेज घटना सामने आई है। राजवारी गांव में मीना निषाद (40) के मुंह में कपड़ा ठूंसने के बाद सिर पर कुदाल से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने पड़ोसी और रिश्ते के भतीजे प्रदीप निषाद को हिरासत में लिया है। घटना शुक्रवार की दोपहर की है।
आशंका जताई गई है कि महिला से जोर जबरदस्ती में असफल रहने और मामला सार्वजनिक होने के डर से प्रदीप ने वारदात को अंजाम दिया है। हत्या में इस्तेमाल कुदाल घटनास्थल से ही मिल गया। प्रदीप के घर से खून लगी जींस और शर्ट बरामद कर ली गई है। चौथी निषाद एक कमरा और टीनशेड मकान में पत्नी मीना, मां परमा और दो बेटों विकास व विशाल के साथ रहता है।
दोपहर में चौथी और उसके दोनों बच्चे लक्ष्मी-गणेश के विसर्जन में गए थे। परमा घर से बाहर स्नान कर रही थी। इसी दौरान मीना के मुंह में कपड़ा ठूस कर कुदाल से वार कर हत्या कर दी गई। चौथी को प्रदीप ने मीना की हत्या की जानकारी दी। प्रदीप का दावा था कि वह भी चौथी के बच्चों के साथ विसर्जन में गया था मगर कपड़े बदले होने की वजह से पुलिस को उस पर शक हुआ।
सीओ पिंडरा और थानाध्यक्ष चौबेपुर पुलिस टीम के साथ प्रदीप के घर पहुंचे तो वहां खून लगी जींस और शर्ट बरामद कर ली गई। सीओ पिंडरा सुरेंद्र नाथ यादव ने संभावना जताई कि घर में किसी के रहने पर महिला के साथ प्रदीप जोर जबरदस्ती करने गया था।