पहड़िया स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में कैंटीन चलाने वाली माधुरी के हौसले की गुरुवार को इलाकेभर में चर्चा रही। सुबह कैंटीन से लौटते हुए दो बदमाश माधुरी के गले से सोने की चेन झपटने लगे।
माधुरी हिम्मत दिखाते हुए बीच सड़क पर दोनों से भिड़ गईं। नतीजे में एक बदमाश पकड़ा गया जबकि दूसरा रफूचक्कर हो गया। बदमाश की गोली से माधुरी के बचाव में आए उनके ससुर जख्मी हो गए।
घटना गुरुवार सुबह साढ़े नौ बजे की है। श्रीनगर कॉलोनी, फेस-3 में रहने वाली माधुरी मौर्य अपने पति के साथ बीते एक साल से पास के इंजीनियरिंग कॉलेज में कैंटीन का संचालन करती हैं।
सुबह की शिफ़्ट में कैंटीन का काम देख कर वे घर लौट रही थीं। घर से चंद कदम की दूरी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने किसी का पता पूछने के बहाने उन्हें रोका। उनके सामने गाड़ी अड़ाई और चेन झपटने लगे।
उच्च शिक्षा प्राप्त तेज तर्रार माधुरी ने बिना एक क्षण गंवाए उनसे मुकाबला करने का फैसला कर लिया और बदमाशों को दबोचने की कोशिश करने लगीं। माधुरी के तेवर देख बदमाशों के हौसले छूट गए।
बीच सड़क पर वारदात होती देख आसपास के लोग भी मदद के लिए आ गए। इसी दौरान उनके ससुर लालचंद अपने छोटे बेटे दिनेश के साथ मौके पर पहुंचे।
इस बीच मौका देखकर रवि सिंह नाम का बदमाश बाइक स्टार्ट कर भाग छूटा। दूसरे बदमाश अनीस को माधुरी ने लोगों की मदद से पकड़ कर काबू में कर लिया।
हाथापाई करते हुए लोगों से छूटने की कोशिश में अनीस ने पिस्तौल से गोली भी दागी जो लालचंद मौर्य की बांह को जख्मी कर गई। इसके बाद लोगों ने अनीस को पेड़ से बांधकर उसकी जमकर पिटाई की।
चौक में कपड़े की दूकान चलाने वाले लालचंद मौर्य मूल रूप से भदोही के मधईपुर, खमरिया के रहने वाले हैं।
दिनदहाड़े वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर जुटे लोग माधुरी के साहस की सराहना करते रहे। सारनाथ पुलिस के अलावा सीओ कैंट राजकुमार यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी माधुरी की तारीफ की।
पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया बदमाश पटना, बिहार निवासी अनीस उर्फ राहुल है। 2012 में भी वह लूट के मामले में जेल जा चुका है। मौके से भागा बदमाश पटना का ही रहने वाला रवि सिंह बताया गया है।
एसएसपी आकाश कुलहरि का कहना है कि बदमाश अनीस से पूछताछ के जरिए उसके गैंग में शामिल अन्य बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही गैंग के अन्य सदस्य भी पकड़े जाएंगे।