अकराबाद/अलीगढ़ (ब्यूरो)। हरदुआगंज में किशोरी की गैंगरेप के बाद हत्या की आग अभी ठंडी भी नहीं पड़ी है कि गुरुवार को अकराबाद इलाके में एक आरोपी ने ऐसी ही वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। उसने खेत में चारा लेने गई किशोरी से रेप की कोशिश की। नाकाम होने पर उसे चाकुओं से गोद डाला। पीड़िता को गंभीर हालत में डीडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे खेत में चारा लेने गई थी। वह गांव के एक किसान के खेत के आसपास चारा इकट्ठा कर रही थी। किसान ने यह खेत पट्टे पर ले रखा है। तभी किसान का 22 वर्षीय शादीशुदा बेटा वहां आ गया। उसने किशोरी को लाह के खेत में खींचकर उससे दुष्कर्म की कोशिश की। किशोरी के विरोध के चलते वह अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाया। इसे भड़क कर उसने किशोरी को चाकुओं से गोदकर लहूलुहान कर दिया।
किशोरी किसी तरह वहां से बचकर भागी और कुछ दूर जाकर गिर गई। ग्रामीणों को आता देख आरोपी फरार गया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण किशोरी को चारपाई पर डालकर थाने लेकर गए। पुलिस ने उसे अलीगढ़ रेफर कराया।