बनारस के सिगरा थाना क्षेत्र स्थित मरी माता मंदिर के समीप शनिवार की सुबह 600 ग्राम हेरोइन पाउडर के साथ एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की कीमत 60 लाख रुपये है। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने चेतगंज स्थित कार्यालय में प्रेसवार्ता कर इसका खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि सुबह 6:30 बजे रोडवेज कैंट की तरफ से आ रहे वाहनों की चेकिंग मरी माता मंदिर के समीप की जा रही थी। मंदिर से कुछ दूर पर ही तीन पुरुष व एक महिला आपस में कुछ लेनदेन कर रहे थे।
शक होने पर जब पुलिस ने तलाशी ली तो उनके पास से हेराइन बरामद हुई। मुगलसराय के कसाब महाल का रहने वाला बाबू उर्फ आजाद, तेलियाबाग निवासी अमित यादव, सूरज यदव और मुगलसराय के काली महाल की रहने वाल फरीदा बेगम उर्फ नाटी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अमित व सूरज ने बताया कि वह लोग लखनऊ व बाराबंकी से थोक में हेरोइन लाते हैं। इसके बाद बाबू व फरीदा बेगम समेत अन्य के माध्यम से बनारस व मुगलसराय में बेचते हैं। गैंग में महिला सदस्य होने के कारण लोग उस पर शंका नहीं करते हैं।