बजरडीहा के शिवरतनपुर स्थित देव अपार्टमेंट के गार्ड रंजन कुमार राय का शव शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद मिलने पर परिवारीजन और इलाकाई लोगों का गुस्सा भड़क उठा। अपार्टमेंट मालिक के बेटे हत्यारोपी दीपक उपाध्याय की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को मुआवजा और रंजन की पत्नी रजनी को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग को लेकर लखरांव-ककरमत्ता और डीरेका-महमूरगंज मार्ग पर शाम को दो बार जाम लगाया गया।
इस दौरान पुलिस पर तीन बार पथराव भी किया गया जिसके चलते पुलिस को लाठियां पटकनी पड़ीं। अंतत: जब एसीएम प्रथम डॉ. नागेंद्रनाथ यादव ने डीएम से बात कर आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपए मुआवजा और पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाएगी तब लोग शांत हुए। उधर, भेलूपुर पुलिस ने हत्यारोपी दीपक उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया है।
इस दौरान शाम छह से रात आठ बजे तक ककरमत्ता और डीरेका-महमूरगंज मार्ग सहित आसपास के अन्य संपर्क मार्गों पर भीषण जाम लगा रहा। जाम के चलते शिवगंगा एक्सप्रेस से दिल्ली जाने वाले कई यात्री समय से मंडुवाडीह स्टेशन नहीं पहुंच सके और ट्रेन छूट गई।
मूल रूप से बिहार के मुंगेर का रहने वाला रंजन बजरडीहा क्षेत्र के शिवरतनपुर स्थित देव अपार्टमेंट में बीते दो साल से बतौर गार्ड नौकरी कर रहा था। वह अपार्टमेंट के ही एक कमरे में पत्नी रजनी और चार बच्चों के साथ रहता था। रजनी के अनुसार शुक्रवार को अपार्टमेंट के मालिक इंद्रजीत का बेटा दीपक उपाध्याय कोलकाता से आया।
आते ही उसने अपार्टमेंट में गंदगी देखी तो अपने कमरे पर रंजन को बुलाकर जमकर मारा-पीटा। दीपक के कमरे से निकलते ही रंजन गिर पड़ा और उल्टी करने लगा। रजनी ने दीपक से काफी मिन्नतें की तो वह रंजन को नजदीक के एक अस्पताल ले गया जहां गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने उसे बीएचयू रेफर कर दिया। बीएचयू में डॉक्टरों ने रंजन को मृत घोषित कर दिया।
रजनी और उसके बच्चों का आरोप था कि दीपक जब भी कोलकाता से शहर आता था रंजन की बेवजह पिटाई करता था और इस बार मारपीट के साथ ही जहर देकर मार डाला। भेलूपुर सीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हत्यारोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई रंजन के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।