three died in the well in jaunpur
- फोटो : अमर उजाला
मीरगंज थाना क्षेत्र के करौर गांव में शनिवार की दोपहर बछड़े को बचाने के लिए कुएं में उतरे दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से गांव में कोहराम मचा है। एसडीएम मछलीशहर समेत पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।
कुएं में गैस के चलते उनका दम घुटा और उनकी मौत हो गई। करौर गांव निवासी प्रेमचंद्र चौहान के घर के पास ही पुराना कुआं है। दोपहर करीब दो बजे प्रेमचंद्र का बछड़ा कुएं में गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए प्रेमचंद्र के पुत्र अश्विनी चौहान (32) और श्रवण कुमार (25) कुएं में उतर गए।
कुएं के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जमा थी। काफी देर तक कुएं से कोई आवाज नहीं आई तो बाहर मौजूद अश्विनी का चचेरा भाई अरुण कुमार चौहान (17) भी कुएं में उतर गया। अरुण भी अंदर गया तो बाहर नहीं निकला। तीनों को बचाने के लिए गांव निवासी रामबहादुर पटेल (40) भी रस्सी के सहारे कुएं में उतर गया।
रामबहादुर रस्सी के सहारे कुएं में आधी दूर गया था तभी उसकी सांस भारी होने लगी। वह चिल्ला पड़ा। बाहर रस्सी पकड़कर खड़े लोगों ने फौरन रस्सी को ऊपर खींच लिया और रामबहादुर बाहर आ गया। लेकिन कुएं से बाहर निकलते ही वह अचेत हो गया।
घटना की सूचना 100 नंबर पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने रामबहादुर को एंबुलेंस से मुंगराबादशाहपुर पीएचसी भेजा जहां से डाक्टर ने उसे इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने जनरेटर मंगवाकर एक पंपिंगसेट चालू करवाकर कुएं में पानी भरवाया।
कुएं में पानी भर गया तो अरुण पहले बाहर आया। उसे पुलिस ने पीएचसी मुंगराबादशाहपुर भेज दिया। कुछ देर बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद अश्विन और श्रवण भी पानी के सहारे ऊपर आ गए।
पुलिस ने दोनों को भी सीएचसी भिजवाया जहां उन्हें भी मृत घोषित कर दिया गया। घटना से गांव में कोहराम मच गया। गांव में भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम मछलीशहर डा. विश्राम यादव ने परिजनों को ढांढस बंधाया और शासन से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।