भविष्य निधि का अंशदान जमा न करने के कारण पूर्वांचल के 19 जिलों के सीएमओ के जिला स्वास्थ्य समिति का बैंक खाता जब्त किया गया। खाते में 3511 कर्मचारियों का 39 करोड़ 30 लाख 92 हजार 543 रुपये है। इनमें बनारस के 311 कर्मचारी हैं।
यह कार्रवाई उप क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर के क्षेत्रीय आयुक्त विजय विक्रम बहादुर सिंह और वाराणसी के क्षेत्रीय आयुक्त उपेंद्र प्रताप सिंह एवं सहायक आयुक्त शाहिद इकबाल के नेतृत्व में एक संयुक्त अभियान के तहत हुई है।
इनमें जिला स्वास्थ्य समिति वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़, चंदौली, भदोही, गाजीपुर, बहराईच, बलिया, बलरामपुर, बस्ती, देवरिया, गोंडा, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर का खाता जब्त हुआ है।
कर्मचारी भविष्य निधि के अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इन जिलों के सीएमओ को लगातार भविष्य निधि की ओर से हिदायत दी गई है। निर्देश देने के बाद भी इन जिलों के समिति के सीएमओ ने कोई रुचि नहीं दिखाई। कर्मचारियों की ओर से लगातार शिकायत भी की जा रही थी। जिसका संज्ञान लेकर भविष्य निधि की ओर से कार्रवाई हुई है।