पड़री व वाराणसी के जंसा थाने की पुलिस जांच में जुटी
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के जंसा क्षेत्र से जंसा क्षेत्र से लापता हुए कक्षा आठ और नौ के दोनों छात्रों को मंगलवार को पुलिस ने मिर्जापुर के पड़री क्षेत्र के दाढ़ी गांव से बरामद कर लिया। इस नाटकीय घटनाक्रम की तफ्तीश में जुटी पुलिस फिलहाल इस बारे में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है कि दोनों छात्र मिर्जापुर पहुंचे कैसे। जबकि, इलाके में चर्चा है कि दोनों छात्रों का अपहरण नहीं हुआ था बल्कि जमीन विवाद में यह कहानी गढ़ी गई थी।
जंसा थाना क्षेत्र के गंजारी गांव निवासी शेषधर दूबे और संजीव धर दूबे के बीच बंजर की जमीन को लेकर चार फरवरी को विवाद हुआ था। शेषधर ने सौ नंबर पर सूचना दी तो मौके पर जंसा पुलिस पहुंची। पुलिस शेषधर के साले के बेटे कक्षा आठ के छात्र अमन दूबे को जंसा थाने ले गई और संजीवधर दूबे को भी थाने बुलाया। अमन के पीछे शेषधर दूबे का बेटा और कक्षा नौ का छात्र हर्षधर दूबे भी थाने पहुंचा। पुलिस ने दोनोें बच्चों और संजीवधर को समझाया। इसके बाद संजीवधर के साथ ही दोनों बच्चों को घर भेज दिया। इसके बाद शेषधर दूबे और उनकी पत्नी नीलू ने पुलिस से शिकायत की कि अमन और हर्षधर घर नहीं पहुंचे हैं। दोनों का संजीवधर ने अपहरण कर लिया है। मामले की शिकायत एसएसपी से की गई तो पुलिस हरकत में आई। सोमवार की रात जंसा थाने के कांस्टेबल विजय पांडेय को जानकारी मिली कि अमन और हर्षधर मिर्जापुर के पड़री क्षेत्र के दाढ़ी गांव में हैं। इस सूचना पर मंगलवार को जंसा पुलिस ने दाढ़ी गांव में छापेमारी कर अमन और हर्षधर को बरामद कर लिया।
इस बारे में सीओ सदर स्नेहा तिवारी ने बताया कि शेषधर की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। दोनों बच्चे बरामद हो गए हैं, मामले की तफ्तीश की जा रही है।