फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कंटेनर और ऑटो की टक्कर में दो की मौत, पांच घायल

Fri, 24 Mar 2017 01:56 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
AUTO ACCIDENT - फोटो : self
विज्ञापन
आरटीओ अधिकारियों से बच कर भाग रहे कंटेनर ने गुरुवार को बड़ागांव थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में सामने से आ रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मारी। कंटेनर की टक्कर से ऑटो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर है। उन्हें दीनदयाल अस्पताल लाया गया। उधर, हादसे के बाद चालक कंटेनर मौके पर ही खड़ा कर भाग निकला।  
विज्ञापन

बड़ागांव-बाबतपुर मार्ग पर गुरुवार शाम करीब चार बजे एक कंटेनर बड़ागांव से बाबतपुर की ओर जा रहा था। बताया जाता है कि आरटीओ की नीली बत्ती लगी बोलेरो कंटेनर का पीछा कर रही थी जिससे बचने के लिए चालक तेज रफ्तार में जा रहा था। अचानक कंटेनर ने रघुनाथपुर गांव में बाबतपुर की ओर से आ रहे ऑटो को सामने से टक्कर मार दी। ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे में फूलपुर के बेलवा का ऑटो चालक विक्रांत मिश्रा (28) और बेलवा की आशा कार्यकत्री मीरा (38) की मौके पर ही मौत हो गई।   
हादसे में बड़ागांव के देवचंदपुर की प्रगति (18), फूलपुर के सुवना कुआर का राहुल (25), घमहापुर का दीपक (25), बेनियाबाग का अनिल (29) और एक अज्ञात महिला घायल हो गए। बड़ागांव पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया है और चालक की खोजबीन की जा रही है। वहीं, हादसे की जानकारी पर मौके पर पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह और पूर्व विधायक अजय राय पहुंचे और मृतकों के परिजनों को ढांढस बधाते हुए आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं, एआरटीओ (प्रवर्तन) राधेश्याम ने बताया कि हमारे विभाग की गाड़ी कंटेनर का पीछा नहीं कर रही थी और न ही उस क्षेत्र में हमारा कोई कर्मचारी मौजूद था।
विज्ञापन

 
रघुनाथपुर गांव में हुए हादसे में विक्रांत की मौत की जानकारी पाकर उसकी मां प्रेमा, भाई विकास और परिवार के अन्य लोग बड़ागांव थाने पहुंचे। विक्रांत का शव देखते ही उसकी मां बेहोश हो गई। वह जैसे ही होश में आ रही थी धाड़ें मारकर रो रही थी और कह रही थी कि एक महीने पहले ही वह दादी बनी थी। विक्रांत का एक महीने का बेटा और उसकी पत्नी रेशमा किसके सहारे जिंदगी काटेंगे। उधर, बड़ागांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात आशा कार्यकत्री मीरा का पति ऑटो चालक घनश्याम भी बड़ागांव थाने पहुंचा। घनश्याम ने कहा कि उसकी चार बेटियां और एक बेटा किसके सहारे रहेंगे..? कौन उनका ख्याल रखेगा..?
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें