छात्र की हत्या कर रेलवे ट्रैक पर फेंका
बड़ागांव थाने के दल्लीपुर गांव में रेलवे ट्रैक पर रविवार की सुबह एक युवक का लहूलुहान शव मिला। पहुंची ने शव की शिनाख्त फूलपुर थाना के अमउत गांव निवासी इंटरमीडिएट के छात्र अनिल उर्फ आर्यन (18) के तौर पर की। अनिल के पिता प्रेमनाथ की तहरीर पर रमईपट्टी की निशा, उसके भाई आकाश और उसके दोस्त निहालापुर के विजय के खिलाफ हत्या सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का आया है। उधर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के दौरान पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों से नोकझोंक भी हुई।
अमउत निवासी मजदूर प्रेमनाथ का इकलौता बेटा अनिल दल्लीपुर स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ता था। मां सोनी के अनुसार शनिवार की रात उसके मोबाइल पर फोन आया। उसने बताया कि वह दोस्त के जन्मदिन में जा रहा है, आने में देर होगी। इस पर सोनी ने कहा कि ज्यादा देर होगी तो रुक जाना और सुबह आना। रविवार सुबह सूचना मिली कि अनिल स्कूल से सौ मीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक पर उसका शव पड़ा है। जहां शव मिला, उससे लगभग पांच सौ मीटर दूर सातोमहुआ-मंगारी मार्ग के किनारे काफी मात्रा में खून गिरा था।
आर्यन के सिर और गले पर धारदार हथियार से गंभीर वार किए गए थे। घरवालोें का आरोप था कि आर्यन अपने स्कूल की छात्रा निशा से प्रेम करता था। इसी को लेकर उसके भाई आकाश ने गुरुवार को उसके साथ मारपीट की थी। एक माह पहले भी आकाश से मारपीट हुई थी। उधर, बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीण हत्यारोपियों को मौके पर लाने के लिए अड़ गए। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझाते हुए पुलिस ने शव कब्जे में लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने बाबतपुर-मंगारी मार्ग जाम करने की भी कोशिश की लेकिन पुलिस ने सभी को शांत कराया। बड़ागांव थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आर्यन के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। उधर, आर्यन की मां सोनी और छोटी बहन संध्या रो-रोकर बेहाल हो चुकी थीं।