महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मंगलवार को छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई। घटना से कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। पुस्तकालय के पास हई पत्थरबाजी से बीए द्वितीय वर्ष के एक छात्र के सिर में गंभीर चोट आई।
मामले में जहां घायल छात्र की ओर से सिगरा पुलिस को तहरीर दी गई है वहीं कुलानुशासक की ओर से तीन छात्रों को निलंबित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय में जिस तरह से आए दिन मारपीट की घटनाएं होती जा रही है, उससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो रहा है।
पिछले एक महीने में अब तक परिसर में मारपीट की यह तीसरी घटना है।
दोपहर करीब बारह बजे पुस्तकालय के पास साइकल स्टैंड पर पहले किसी बात को लेकर कुछ छात्रों में कहासुनी हुई बाद में मामला इतना बढ़ गया कि पत्थरबाजी होने लगी। आसपास खड़े छात्र-छात्रा इधर-उधर भागने लगे।
इस बीच बीए द्वितीय वर्ष के छात्र को चोट लगी, जिसमें उसका सिर फट गया। इस बारे में कुलानुशासक प्रो. सभाजीत सिंह यादव ने तीन छात्रों को निलंबित करते हुए नोटिस जारी किया है।
उन्होंने बताया कि मामले में एमए गांधी अध्ययन के छात्र आकाश ओझा, राहुल सोनकर और एमजेएमसी के विक्रम पटेल पर कार्रवाई की गई है।