विन्ध्याचल कोतवाली क्षेत्र में विगत पांच जुलाई को ससुराल आए दामाद की हत्या उसके साले ने ही अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करने पर किया था। हत्या के बाद परिवार के लोग शव को बोलेरो मे भर कर बंगाली तिराहे पर फेंक कर भाग गए थे।
यह खुलासा बुधवार को पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में किया। आरोपी युवक को बुधवार की सुबह पांच बजे विन्ध्याचल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। विगत पांच जुलाई को सुबह विन्ध्याचल के बंगाली तिराहा पर ससुराल आये युवक की लाश ससुराल से थोड़ी दूरी पर फेंकी मिली थी।
पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबीरों की सहायता से घटना का खुलासा कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने बताया कि मनोज धरिकार हंडिया की ससुराल विन्ध्याचल में है। वह शराब पीने का आदी था और प्राय: शराब पी कर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था।
इससे आजीज आकर उसकी पत्नी मायके में आ कर रहने लगी। उधर मनोज दिल्ली जा कर काम धंधा करने लगा। चार जुलाई को वह अपनी ससुराल आया था। रात में खाना खाने के बाद मनोज शराब के नशे में अपने साले गुलाब की पत्नी के साथ छेड़खानी करने लगा, आपत्तिजनक व्यवहार करने लगा। जिसकी शिकायत पत्नी ने पति से की।
घर के सभी सदस्य मनोज से पत्नी के साथ दुर्व्यवहार करने को लेकर पहले से ही नाराज चल रहे थे। इसपर मनोज के साले गुलाब, ससुर शंकरलाल और गुलाब के मामा अशोक ने एक मत हो कर मनोज को सबक सिखाने की सोची और गुस्से में गुलाब ने घर में रखे बांस के डंडे से मनोज के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे मनोज की मौके पर ही मौत हो गई।
इससे परिवार के लोग घबरा गए और शव को नग्न अवस्था में एक बोलेरो में रख कर बंगाली तिराहे पर फेंक आए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा हत्यारोपी गुलाब की निशानदेही पर उसके घर से बरामद कर लिया। हत्या में शामिल ससुर शंकर लाल, व मामा ससुर अशोक निवासी गोपीगंज फरार हैं।