वाराणसी के कामायनी नगर कॉलोनी निवासी रेस्टोरेंट संचालक सनी गुप्ता (28) की रविवार की देर रात अपने घर में गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती छानबीन में पता चला कि सनी ने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर खुदकुशी की जबकि पिता और भाई का कहना है कि असावधानी में सनी से अचानक ट्रिगर दब गया।
गोली उसके पेट में लग गई। सनी को तत्काल मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों के जवाब देने के बाद घरवाले उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए। गोली गुर्दे में जाकर फंस गई थी। ट्रॉमा सेंटर में कुछ घंटे उपचार के बाद सनी की मौत हो गई। घटना के बारे में परिवार की तरफ से देर शाम तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
सनी का रामापुरा में गिरजाघर चौराहे के पास किनारा रेस्टोरेंट है। रविवार की रात करीब 11 बजे वह रेस्टोरेंट बंद कर घर पहुंचे थे। बताया जाता है कि घर में वह पिता अवधेश गुप्ता से बातचीत कर रहे थे। इसी बीच, सनी ने अपनी मां को भी वहां बुलाया। इसके कुछ ही देर बाद सनी की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चली और गुर्दे में जाकर फंस गई।
ट्रॉमा सेंटर पहुंचने के बाद रात करीब एक बजे घरवालों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस छानबीन के लिए पहले कामायनी नगर कॉलोनी और फिर ट्रॉमा सेंटर पहुंची। सोमवार की भोर में सनी ने दम तोड़ दिया। सेंट्रल बैंक के ब्रांच मैनेजर पद से सेवानिवृत्त अवधेश गुप्ता के चार बेटों में सनी सबसे छोटे थे। कामायनी नगर कॉलोनी स्थित दो मंजिले भवन में भाई विनय गुप्ता, राजेश गुप्ता, प्रकाश गुप्ता के अलावा सनी का परिवार रहता है।
सनी के परिवार में पत्नी, बेटी रेवा (6) बेटा रुद्र (3) हैं। दोपहर में परिवार के लोग शव का पोस्टमार्टम कराने बीएचयू मर्चरी पहुंचे थे। बड़े भाई विनय गुप्ता ने बताया कि रोजाना की तरह रात में रेस्टोरेंट बंद करने के बाद सनी घर पहुंचा था। रिवाल्वर निकालकर रखते समय अचानक ट्रिगर दब गया।
सनी अगर खुद को गोली मारता तो शायद पेट में नहीं मारता। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना के बाद पुलिस जांच के लिए मौके पर गई थी। पता चला कि माता, पिता से बातचीत के दौरान सनी ने खुद को गोली मारी थी। परिवार के लोगों ने ऐसा बताया था। परिवार की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई है।