लक्सा थाने की पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
- फोटो : अमर उजाला
शादी का झांसा देकर दुराचार करने, रुपया हड़पने और पीडि़ता को उसके घर जाकर धमकाने का आरोपी मंगलवार की रात वाराणसी के लक्सा थाने की पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। मामला सार्वजनिक होते ही लक्सा थाने के पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया।
देर रात तक आरोपी की खोजबीन जारी थी। उधर, पीडि़ता की तहरीर पर आरोपी फरीदाबाद के सेक्टर नंबर 23 की संजय कॉलोनी निवासी रोहित सिंह के खिलाफ दुराचार, धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में लक्सा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
लक्सा थाना क्षेत्र की एक युवती ने मंगलवार को एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। युवती का आरोप है कि नई दिल्ली में नौकरी के दौरान रोहित सिंह से उसका संपर्क हुआ और नजदीकी बढ़ी तो दोनों ने विवाह कर लिया।
युवती के अनुसार उसे बाद में पता चला कि रोहित पहले से ही शादीशुदा है। इस दौरान रोहित ने युवती के साथ कई बार दुराचार और कुकर्म किया। इस बीच वर्ष 2017 में अगस्त महीने में युवती ने एक बच्चे को जन्म दिया।
युवती ने बताया कि उसे पता लगा कि रोहित ने अपने मामा के लड़के के साथ मिलकर उसके चार लाख रुपये मूल्य के गहने गिरवी रख दिए। धीरे-धीरे जब यह पता लगा कि रोहित जालसाज है और कई युवतियों के साथ ऐसे ही धोखाधड़ी कर चुका है तो युवती ने उससे दूरी बनाना शुरू की।
इस पर रोहित ने कहा कि वह उसका अश्लील वीडियो वायरल कर देगा तो वह किसी तरह से भाग कर बनारस आ गई। इस पर 31 मई को युवती के घर रोहित पहुंचा और कहा कि साथ नहीं चली तो तुम्हारे ऊपर एसिड उड़ेल दूंगा। मंगलवार को रोहित फिर युवती के घर पहुंचा तो परिजनों ने उसे पकड़ लिया।