बनारस में एक निजी स्कूल में एक शिक्षक ने गुरु और शिष्य के रिश्ते को शर्मसार कर दिया। स्कूल में प्राधानाचार्य ने कक्षा चार की मासूम छात्रा से छेड़खानी की।
बनारस के बड़ागांव थाना के पांडेयपुर (चक्का) क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के प्रधानाचार्य प्रमोद चतुर्वेदी पर कक्षा चार की छात्रा के साथ छेड़खानी का मामला प्रकाश में आया।
छात्रा से जानकारी पाकर उसके परिवारीजन और ग्रामीण स्कूल पहुंचने के साथ ही हंगामा शुरू कर दिए। सौ नंबर पर मिली सूचना पर स्कूल पहुंची पुलिस प्रधानाचार्य को बड़ागांव थाने ले आई।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ छेड़खानी, पॉक्सो एक्ट सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता छात्रा का आरोप है कि प्रधानाचार्य ने उसके साथ छेड़खानी की थी, जिसे उसने नजरअंदाज कर दिया था।
वही हरकत प्रधानाचार्य ने फिर दोहराई तो उसने घर जाकर परिवारीजनों से शिकायत की। इस बात से गुस्साए परिवारीजन और ग्रामीण स्कूल पहुंचे। इसके साथ ही सभी ने हंगामा शुरू कर आरोपी प्रधानाचार्य को जेल भेजने की मांग की।
मामला थाने पहुंचा तो ग्राम प्रधान सहित अन्य लोगों की मौजूदगी में पंचायत शुरू हो गई और देर शाम मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष बड़ागांव ने बताया कि गाजीपुर निवासी प्रमोद को गिरफ्तार कर छात्रा को मेडिकल मुआयना के लिए भेजा गया है।