यूपी के जौनपुर में जमीन को लेकर हुए विवाद में एक वृद्ध को लोग तब तक पीटते रहे जब तक उसकी जान नहीं निकल गई। पुलिस ने मृतक संतलाल गौतम (60) के पुत्र की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जिले के चंदापुर गांव निवासी संतलाल गौतम और उनके पड़ोसी के बीच जमीन का विवाद लंबे समय से चल रहा है। इस विवाद को लेकर दोनों तरफ से कई बार तहसील दिवस और थाना दिवस पर प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
इसी विवादित भूमि पर बने रास्ते को लेकर गुरुवार की दोपहर 12 बजे दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों पक्षों में लाठी डंडे चले। इस दौरान संतलाल गौतम अचेत हो गया। परिवार के लोग उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।