यूपी के मिर्जापुर में बुधवार रात एक अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गुरुवार की सुबह एक युवक ने अधेड़ का शव देखकर ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर वन रेंजर समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जिले के हलिया थाना क्षेत्र के बबुरा रघुनाथ सिंह के कीरका निवासी हिम्मत कोल (55) बुधवार को साढ़े नौ बजे रात गांव के ही श्यामलाल कोल के यहां दुर्गा पूजा देखने गए थे। गुरुवार सुबह गांव के एक युवक ने कचकढ़वा नाले के पास उनका शव पड़ा होने की सूचना ग्रामीणों को दी।
ग्रामीण ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की और परिजनों व पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पर सर और सीने में चोट के निशान दिखे। एक जगह गोली के छर्रे लगने का निशान भी दिखा।
आस पास कुछ और छर्रे जमीन पर बिखरे दिखे व एक 12 बोर के बुलेट का खोखा भी बरामद किया गया। घटना की जांच के लिए फारेंसिक टीम व एएसपी अजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए। मृतक का मोबाइल भी गायब है।