गिलट बाजार चुप्पेपुर निवासी त्रिमूर्ति अस्पताल के संचालक डॉ. राममूर्ति सिंह के घर में बुधवार की सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने एक देशी बम पटक कर दहशत फैला दी। धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। चर्चा रही कि रंगदारी वसूलने के लिए चिकित्सक पर दबाव बनाने की कोशिश में बम फेंका गया है। हालांकि चिकित्सक ने इससे इनकार किया। साथ ही कहा कि उनका किसी से विवाद नहीं है। घटना के बाद परिवार दहशत में है। एसएसपी के आदेश पर डॉ. सिंह की सुरक्षा के लिए एक कांस्टेबल तैनात किया गया है।
डॉ. राममूर्ति सिंह और उनका परिवार सो रहा था, तभी सुबह करीब पांच बजे अचानक तेज धमाका हुआ। परिवार समेत चिकित्सक बाहर निकले तो देखा कि आवास परिसर में धुआं भरा है। कार और आसपास दीवार में जगह-जगह छेद हो गया है। कार के शीशे भी चटक गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार दो बदमाश सेंट्रल जेल रोड की तरफ से आए और चहारदीवारी से अंदर बम फेंककर गिलट बाजार की ओर भाग निकले। पुलिस ने डॉ. सिंह के अलावा मुहल्ले के कुछ अन्य घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। एसएसपी आकाश कुलहरि और क्राइम ब्रांच ने भी मौका मुआयना किया। क्षेत्राधिकारी कैंट राजकुमार यादव ने बताया कि आतिशबाजी वाला बम था। दो बदमाश सीसीटीवी फुटेज में दिखे हैं। उनकी तस्दीक कराई जा रही है। घटना के कारण का पता लगाया जा रहा है।